जयराम ठाकुर ने कहा कि आपदा के समय नड्डा ने पांच बार हिमाचल का दौरा किया और 1786 करोड़ रुपये की राहत राशि प्रदेश के लिए स्वीकृत करवाई। इस बार के दौरे में एम्स बिलासपुर में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से एक सराय के निर्माण का भूमि पूजन किया। जहां मरीजों के तीमारदारों और अभिभावकों को ठहरने की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक वायरोलॉजी लैब की आधारशिला भी नड्डा ने रखी। जिससे प्रदेश में संक्रामक रोगों की जांच व अनुसंधान को नई दिशा मिलेगी। चंबा, हमीरपुर और नाहन में मेडिकल कॉलेज खोलने और प्रत्येक के लिए 265-265 करोड़ रुपये की स्वीकृति दिलाने में नड्डा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इसके अलावा, हिमाचल के कई हिस्सों में मातृ-शिशु स्वास्थ्य संस्थान खोलने के लिए करोड़ों रुपये की राशि स्वीकृत करवाई गई है।