टीजीटी के 937 पदों के लिए मई में भर्ती विज्ञापन जारी किया गया था। इसमें टीजीटी आर्ट्स के 437, नॉन मेडिकल के 343 और मेडिकल के 169 पद शामिल हैं। अब तक इस भर्ती के लिए 65,189 आवेदन मिल चुके हैं। पहले अंतिम तिथि 3 जुलाई थी, जिसे बढ़ाकर 17 और फिर 31 जुलाई किया गया। अब तीसरी बार आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त तक कर दी है।
अभ्यर्थियों रीना देवी, रचना शर्मा, कांता देवी, राहुल शर्मा और अभिषेक ठाकुर ने आरोप लगाया कि आपदा का हवाला देकर लगातार तिथि बढ़ाई जा रही है, जिससे परीक्षा में जानबूझकर देरी हो रही है। उनका कहना है कि आवेदन प्रक्रिया को लगभग दो माह हो चुके हैं और आपदा से प्रभावित अभ्यर्थियों को आवेदन का पर्याप्त अवसर मिल चुका है। ऐसे में आयोग को अब परीक्षा की तिथि घोषित कर भर्ती प्रक्रिया को जल्द पूरा करना चाहिए।
प्रारंभिक शिक्षा विभाग निदेशालय की ओर से आयोग को आवेदन तिथि को बढ़ाए जाने के लिए आग्रह किया गया था। आयोग की ओर से तिथि को बढ़ाया गया है। आपदाग्रस्त कुछ क्षेत्रों में बिजली और इंटरनेट की कनेक्टिविटी नहीं हो सकी है। ऐसे में पात्र अभ्यर्थी परीक्षा से वंचित न रहें, यह जरूरी है। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों से अपील है कि समय का सदुपयोग कर परीक्षा की तैयारी करें। - डॉ. विक्रम महाजन, सचिव, हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग