राज्य चयन आयोग ने स्कूल शिक्षा विभाग में इतिहास और अर्थशास्त्र शिक्षकों के 86-86 पदों को भरने के लिए आयोजित कंप्यूटर आधारित स्क्रीनिंग टेस्ट (सीबीटी) का परिणाम घोषित कर दिया है। दोनों परीक्षाओं के परिणाम आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिए गए हैं। आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इतिहास शिक्षक पोस्ट कोड-26025 के 86 पदों के लिए 2,648 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से 2152 अभ्यर्थियों ने सीबीटी में भाग लिया। परीक्षा में उत्तीर्ण 217 अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया गया है। दस्तावेज सत्यापन 16 अगस्त को सुबह 10 बजे आयोग परिसर में शुरू होगा। उन्होंने बताया कि अर्थशास्त्र शिक्षक पोस्ट कोड-26030 के 86 पदों के लिए 1246 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से 1032 अभ्यर्थियों ने सीबीटी दिया। परीक्षा में उत्तीर्ण 226 अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया गया है। यह प्रक्रिया 29 अगस्त को सुबह 10 बजे आयोग परिसर में शुरू होगी।