हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से 12वीं कक्षा की फाइनल मेरिट सूची जारी कर दी गई है। पुनर्मूल्यांकन और पुनर्निरीक्षण के परिणामों के बाद जारी इस अंतिम सूची में व्यापक स्तर पर फेरबदल हुआ है। संशोधन के बाद 20 नए विद्यार्थियों ने फाइनल मेरिट सूची में अपनी जगह बनाई है। इसके बाद अब बोर्ड की टॉप-10 मेरिट सूची में कुल 95 विद्यार्थियों का कब्जा हो गया है। पीएमश्री गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल धुंधला की छात्रा मुस्कान ठाकुर के 6 अंक बढ़े हैं। इससे मुस्कान नौवें से सीधे तीसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। अंकों में आए इस बड़े अंतर से विद्यार्थियों की पुरानी रैंकिंग में भारी उलटफेर हुआ है।