बर्फबारी के बीच सिस्सू से 1,200 पर्यटक वाहनों को प्रशासन ने वापस मनाली भेजा। मंडी जिले में मंडी-पठानकोट हाईवे पर कई जगह जलभराव हुआ। जोगिंद्रनगर में अंधड़ से मेला स्थल में सजीं दुकानों की छतें उड़ गईं। बारिश का पानी दुकानों में घुस गया। चौंतड़ा में एक पेड़ गिर गया। इसकी चपेट में आईं कुछ कारों को नुकसान हुआ है। हमीरपुर जिले में हल्की बारिश से गर्मी से राहत मिली है। चंबा के पांगी में होने वाले राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह की तैयारियों का जायजा लेने निकले चंबा के डीसी, एसपी और एएसपी समेत सीएम सिक्योरिटी स्टाफ तांदी के दरेड़ नाले में कुछ समय फंस रहा। बारिश से नाले का जलस्तर बढ़ गया था। इससे कुल्लू-किलाड़ सड़क पर वाहनों की भी आवाजाही बंद हो गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 12 अप्रैल को लाहौल-स्पीति, चंबा, कुल्लू, मंडी, शिमला, किन्नौर और कांगड़ा में कुछ स्थानों, जबकि सोलन और सिरमौर में एक-दो स्थानों पर बारिश के आसार जताए हैं। मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना है। 13 अप्रैल से पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार हैं। खराब मौसम के चलते गगल हवाई अड्डा पर तीन हवाई सेवाएं इंडिगो एयरलाइंस की दो और स्पाइस जेट की एक विमान सेवा रद्द हो गई। शिमला से दो उड़ानें रद्द हुई हैं। इनमें शिमला से धर्मशाला गई उड़ान वापस शिमला नहीं पहुंची, जिससे शिमला से दिल्ली के लिए भी उड़ान नहीं हुई।