लाहौल-स्पीति में माइनस तापमान के बीच बर्फ जम रही है।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
राजधानी शिमला सहित रोहतांग, जलोड़ी दर्रा और लगवैली में मंगलवार दोपहर को बर्फ के फाहे गिरे। दोपहर करीब सवा दो बजे शिमला के कुछ क्षेत्रों में धूप खिली रही और कुछ जगह फाहे गिरे। ऐतिहासिक रिज मैदान पर फाहे गिरने से सैलानी झूम उठे। हालांकि कुछ देर बार पूरे शहर में मौसम साफ हो गया। बुधवार से प्रदेश में मौसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान है। 16 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों किन्नौर, लाहौल-स्पीति, शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा के कुछ क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। मैदानी जिलों में मौसम साफ बना रहने की संभावना जताई गई है।
लाहौल घाटी के कई क्षेत्रों में मंगलवार को शीतलहर का दौर जारी रहा। कुल्लू जिला के जलोड़ी दर्रा, हामटा, चंद्रखणी, लगवैली की पहाड़ियों के साथ ग्रेट हिमायलन नेशनल पार्क की चोटियों पर बर्फ के फाहे गिरे। कुल्लू के कई क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहे। जलोड़ी दर्रा पांच दिन बाद छोटे वाहनों के लिए खुल गया है। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। मंगलवार को ऊना में अधिकतम तापमान 25.2, बिलासपुर में 24.9, कांगड़ा में 24.0, नाहन में 23.4, सोलन में 21.8, धर्मशाला में 19.0, शिमला में 16.4, मनाली में 11.2, कल्पा में 10.2 और डलहौजी में 8.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।