चोटियों पर बर्फबारी, रिहायशी क्षेत्रों में गिरे फाहे
रोहतांग, कुंजम और शिंकुला दर्रा समेत लाहौल की ऊंची चोटियों में मंगलवार को बर्फबारी हुई। लाहौल के रिहायशी क्षेत्रों में भी फाहे गिरने से तापमान गिर गया, जिससे ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। वहीं नए साल पर अच्छी बर्फबारी की उम्मीद से पर्यटन कारोबारियों और सैलानियों के चेहरे खिल उठे हैं।
मंगलवार को पर्यटकों को शिंकुला टॉप से नीचे और दारचा से करीब 18 किलोमीटर आगे जांस्कर समदो तक ही जाने की अनुमति दी गई। इसके आगे सड़क पर ब्लैक आइसिंग होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से पर्यटक वाहनों को शिंकुला की ओर नहीं जाने दिया गया। दोपहर बाद जांस्कर समदो पहुंचे पर्यटकों ने लाइव बर्फबारी का आनंद लिया।
खराब मौसम के चलते घाटी के ऊंचाई वाले रिहायशी इलाकों में भी हल्की बर्फबारी दर्ज की गई। पर्यटन कारोबारी तेंजिन, रिगजिन, दोरजे, मंगल और अशोक ने बताया कि मंगलवार को जांस्कर समदो में पहुंचे पर्यटकों को लाइव बर्फबारी देखने का मौका मिला, जिससे पर्यटकों में खासा उत्साह देखा गया। कारोबारियों को उम्मीद है कि नए साल पर अच्छी बर्फबारी होने से पर्यटन को और बढ़ावा मिलेगा।
उधर, नए साल को लेकर लाहौल-स्पीति प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। एसपी शिवानी मेहला ने बताया कि पुलिस बल को ग्रामफू से अटल टनल नॉर्थ पोर्टल, सिस्सू से तांदी पुल और जिस्पा से जांस्कर समदो तक तीन सेक्टरों में तैनात किया गया है, ताकि यातायात व्यवस्था और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।