दिन के समय प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम साफ होने के साथ धूप खिली। रविवार और सोमवार को प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। 18 फरवरी की रात से दोबारा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के आसार हैं। 19 और 20 फरवरी को प्रदेश में कई जगह बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। रामपुर और किन्नौर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शनिवार सुबह हल्की बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश हुई। दोपहर के बाद मौसम साफ हो गया। मौसम में आए बदलाव से अटल टनल रोहतांग के साथ लाहौल और कुल्लू घाटी के ऊंचे इलाकों में सुबह के समय ताजा बर्फबारी हुई। कुल्लू से केलांग गई निगम की बस मनाली से लौट आई। जलोड़ी दर्रा भी 10 बजे के बाद बसों के लिए बंद हो गया। कुल्लू से गईं दो बसें बड़ानाला से लौट आईं।
पहाड़ों में हुई ताजा बर्फबारी से कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिला में शीतलहर बढ़ गई है। रोहतांग में दस और अटल टनल व जलोड़ी दर्रा में दो से तीन सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। राजधानी शिमला में शनिवार सुबह कुछ क्षेत्रों में बर्फ के फाहे गिरे और अन्य क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। शनिवार को ऊना में अधिकतम तापमान 27.4, बिलासपुर में 25.5, कांगड़ा में 24.1, मंडी में 23.3, नाहन में 23.0, चंबा में 22.2, सोलन में 22.0, धर्मशाला में 18.9, शिमला में 15.6, कल्पा में 6.9 और केलांग में 5.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।