रोहतांग, पांगी, भरमौर समेत हिमाचल की ऊंची चोटियों पर शनिवार को हिमपात हुआ और राजधानी शिमला, मनाली समेत मैदानी क्षेत्रों में बूंदाबांदी हुई। मौसम के बदले मिजाज से सुबह-शाम ठंड बढ़ गई। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बादल छाए रहे।
रविवार और सोमवार को मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। 4 और 5 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से फिर बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। भरमौर और पांगी की ऊपरी चोटियों पर शनिवार दोपहर को हल्का हिमपात हुआ, जबकि निचले क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। इससे किसानों और बागवानों को राहत मिली है। खेतों की नमी बढ़ी है, जिससे फसलों को फायदा होगा। कुल्लू और लाहौल की ऊंची चोटियों में सुबह से लेकर दोपहर तक रुक-रुक कर हल्की बर्फबारी होती रही। रोहतांग दर्रा के साथ कुंजम दर्रा, राजा घेपन पीक के साथ सीवी रेंज की पहाड़ियों पर भी बर्फबारी हुई है।
शनिवार को ऊना में अधिकतम पारा 24.0, बिलासपुर में 23.7, सुंदरनगर में 22.7, नाहन में 21.7, धर्मशाला में 21.0, मंडी में 20.6, सोलन में 20.2, चंबा में 17.6, मनाली में 15.2, शिमला में 14.6, कल्पा में 10.1 डिग्री सेल्सियस रहा।