स्कूलों को 30 से पहले करवाने होंगे वार्षिक समारोह
शिमला। हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में वार्षिक समारोह आयोजित करने के लिए स्कूल शिक्षा निदेशालय ने समय सीमा निर्धारित कर दी है। प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों को 30 नवंबर तक वार्षिक समारोह आयोजित करने होंगे। निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि समारोहों के आयोजन से विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसको ध्यान में रखते हुए सभी स्कूलों को निर्धारित अवधि में ही कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। निदेशालय ने सभी उपनिदेशकों को अपने अधीन आने वाले स्कूलों के प्रमुखों से आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करवाने को कहा है। साथ ही चेतावनी दी है कि निर्देशों की अवहेलना करने वाले स्कूलों के खिलाफ गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी। संबंधित संस्थान के जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई भी हो सकती है।