16 मई 2024 को शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने स्कूल शिक्षा बोर्ड के सभागार में बोर्ड के अधिकारियों के साथ बैठक कर शिक्षा बोर्ड की कार्यप्रणाली की समीक्षा की थी। इस दौरान उन्होंने बोर्ड प्रबंधन को निर्देश दिए थे कि सूबे के बच्चों को हिमाचल के इतिहास को दर्शाने वाले विषयों को शामिल किया जाए। बोर्ड सूत्रों की मानें तो इस पाठ्यक्रम में राजाओं में चंबा के राजा साहिल वर्मन और भूरि सिंह, कांगड़ा के राजाओं में राजा केसर सिंह और राजा संसार चंद, सिरमौर के शासक मेदनी प्रकाश के अलावा कुल्लू के राजा जगत सिंह का इतिहास और उनके किए गए कार्य पढ़ने को मिलेंगे।
इसके अलावा हिमाचल के वीरों की जीवनी में प्रथम वीर चक्र विजेता मेजर सोमनाथ शर्मा, कैप्टन विक्रम बतरा, राइफलमैन संजय कुमार, कैप्टन सौरभ कालिया आदि को शामिल करने की योजना है। वहीं प्रदेश में पाई जानेवाली वनस्पतियों, वन्य जीवों, फल-फूल और हिमाचल प्रदेश में चलने वाले शिक्षण संस्थानों की जानकारी भी सूबे के बच्चों को मुहैया करवाए जाने की योजना है।
शिक्षा मंत्री के निर्देशों के बाद पाठ्यक्रम को विषय विशेषज्ञ तैयार कर रहे हैं। पाठ्यपुस्तक में क्या-क्या शामिल किया जाएगा, यह शिक्षा मंत्री से विचार-विर्मश और उनके निर्देशों के बाद सामने आएगा। - डॉ. मेजर विशाल शर्मा, सचिव, स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला।