उपमंडल सरकाघाट में फंदा लगाने वाली छात्रा के पिता ने कहा कि बेटी पर चोरी का आरोप लगाकर आत्महत्या के लिए उकसाया गया। स्कूल के पास दुकान करने वाली एक महिला ने छात्रा पर नकदी चोरी करने का आरोप लगाया है। इस पर सरकारी स्कूल में अध्ययनरत 11वीं कक्षा की छात्रा ने अपनी जान दे दी। पुलिस ने पिता की शिकायत के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले में जांच पड़ताल कर रही है।
पिता का आरोप है कि स्कूल परिसर के साथ स्वेटर बुनाई की एक दुकान है। इसे एक महिला चलाती है। महिला ने छात्रा पर अपनी दुकान से पैसे चोरी करने का आरोप लगाया और यह बात छात्रा के माता-पिता और स्कूल प्रिंसिपल को बताई। पिता का आरोप है कि चोरी का आरोप झूठा है। माता-पिता के पूछताछ करने पर छात्रा ने स्पष्ट तौर पर चोरी से इन्कार किया। पिता के अनुसार महिला कभी 20 हजार, कभी 22 हजार, तो कभी 25 हजार रुपये चोरी होने की बात कहती रही।