इसके बाद आसपास के लोगों को बुलाया गया और उसे नीचे उतारा गया। तब तक काफी देर हो चुकी थी। ग्रामीणों के अनुसार पुनीत पढ़ाई में अच्छा और होनहार छात्र था। उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका अभी तक कोई कारण सामने नहीं आया है। पुनीत के मामा की ओर से पुलिस को सूचना दी गई, इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है और न ही पुनीत के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं पाए गए। डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने बताया कि मामा ने घटना की जानकारी दी थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, मौके पर कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। शव का पोस्टमार्टम घुमारवीं अस्पताल में कराया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी बिलासपुर डॉ. शशि दत्त शर्मा का कहना है कि बच्चों के साथ नियमित संवाद बनाए रखना बेहद जरूरी है। कई बार बच्चे मानसिक तनाव, डर, पढ़ाई के दबाव या किसी भावनात्मक परेशानी को व्यक्त नहीं कर पाते। अभिभावकों को बच्चों के व्यवहार में अचानक आए बदलाव, चिड़चिड़ापन, अकेले रहने की प्रवृत्ति या उदासी जैसे संकेतों पर ध्यान देना चाहिए। बच्चों के साथ रोज कुछ समय बिताएं, उनकी बात धैर्य से सुनें और उन्हें यह भरोसा दें कि किसी भी समस्या का समाधान बातचीत से निकाला जा सकता है।
वहीं सुंदरनगर नगर परिषद के वार्ड-5 बड़ोह में मंगलवार को 21 वर्षीय छात्रा फंदे से लटकी मिली। छात्रा मूल रूप से निहरी क्षेत्र के जिनझड़ गांव की रहने वाली थी और सुंदरनगर में किराये के मकान में रहकर निजी संस्थान से अकाउंट्स की पढ़ाई कर रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार नेहा बड़ोह स्थित एक मकान में अपनी बहन के साथ किराये पर रहती थी। मंगलवार सुबह करीब 11:30 से 12 बजे के बीच वह अपने कमरे में फंदे से लटकी मिली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
करसोग में सोमवार रात एक हेयर ड्रेसर अपने किराये के कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान रमेश कुमार (37) पुत्र स्वर्गीय अनंत राम, निवासी आंबेडकर नगर डाकघर भोजपुर तहसील सुंदरनगर के रूप में हुई है। वह करसोग में हेयर ड्रेसर का कार्य करता था और यहां किराये के कमरे में रह रहा था। पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह उसका रूम पार्टनर कमरे में पहुंचा तो रमेश कुमार फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल करसोग भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। डीएसपी करसोग चांद किशोर ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। मौत के सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होंगे।