इस मामले में आरोपी बेटी के दोस्त हमीरपुर शहर के एक युवक को भी गिरफ्तार किया था जो कि अब न्यायिक हिरासत में है। दोनों ने मिलकर कार को जालंधर एक व्यक्ति को बेचा था। अदालत से रिहाई के बाद आरोपी बेटी अपने पिता के घर लौट आई थी लेकिन दो दिन पहले फिर फरार हो गई है। जिस व्यक्ति को कार बेची गई थी उसे भी मैक्लोडगंज में गाड़ी सहित पकड़ा गया है। हालांकि, गाड़ी बरामद करने के बाद उसे रिहा कर दिया गया है।
कार बेचने वाली युवती और उसका युवक दोस्त ड्रग टेस्ट में पॉजीटिव पाए गए हैं। दोनों ने जालंधर में जाकर महज एक तोला चिट्टा लेकर लाखों रुपये की कार को बेच दिया। बीते 28 जून पुलिस को दी शिकायत में आरोपी युवती के पिता ने कहा था कि उनकी बेटी नशे की आदी है और बिना बताए उनकी कार लेकर घर से भाग गई है। कुछ दिन बाद वह हमीरपुर लौटी। पहले उसने कार को लेकर अभिज्ञता जाहिर की। पुलिस ने युवती को गिरफ्तार किया और इसके बाद पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर जालंधर में कार को 90 हजार में बेचा है। इसके बाद चिट्टे की एवज में कार का सौदा होने का खुलासा हुआ।
शिमला में हुई थी शादी, मायके में रहती है आरोपी
आरोपी युवती की शिमला में कुछ वर्ष पूर्व शादी हुई थी, लेकिन वह बेटे के जन्म के बाद यह हमीरपुर में अपने पिता के घर रह रही थी। उसे चिट्टे की लत लंबे समय से है। एक बार नादौन थाना पुलिस ने चिट्टे के साथ उसे गिरफ्तार किया है। यह केस कोर्ट में विचाराधीन है। अब चोरी के मामले में कार की बरामदगी के बाद फिर से वह घर से फरार हो गई है।
ये भी पढ़ें- Himachal: मिनी सचिवालय परिसर में बेटे ने दोस्त के साथ मिलकर पिता पर दराट से किया हमला, जानें पूरा मामला
मामले में चोरी की गई कार को बरामद कर लिया गया है। आरोपी युवती के लापता होने की जानकारी परिजनों की ओर से मिली है। मामले में हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। - भगत सिंह ठाकुर, पुलिस अधीक्षक हमीरपुर