एएसपी राजकुमार ने बताया कि पुलिस चौकी सपरून सोलन में सूचना मिली कि नेपाल मूल की महिला सोलन के बड़ोग क्षेत्र में रहती थी। सूचना पर पुलिस थाना सदर सोलन व पुलिस चौकी सपरून की एक टीम बड़ोग क्षेत्र पहुंची, जहां पर महिला मृत पाई गई। शव की जांच के दौरान गला घोंटने के निशान पाए गए। इसके अलावा कनपटी और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान पाए गए। महिला की नाक-मुंह में भी खून जमा हुआ था।
मौजूद लोगों से पूछताछ के दौरान महिला के बेटे ने बताया कि 20 नवंबर को उसकी माता, चाचा विजय, सौरभ व जीवन ने क्वार्टर में इकट्ठे खाना खाया। उसके उपरांत चाचा विजय व जीवन उनके क्वार्टर में सो गए। मां चाचा विजय के घर सो गई। रात को सौरभ फिर से क्वार्टर में आया, जिसने उन्हें उठाया। उसके बाद चाचा विजय के क्वार्टर गए तो देखा मां कंबल ओढ़कर सोई थी। उसे उठाने के लिए आवाज लगाई, लेकिन कोई भी जवाब नहीं दिया। जब उन्होंने कंबल उठाया तो मुंह से खून निकल रहा था और गले के सामने व दाहिनी तरफ निशान पड़े थे।
उसने शक जाहिर किया कि सौरव ने जबरदस्ती करने की कोशिश करने के बाद गला घोंटकर हत्या की। इस मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सौरभ कुमार निवासी दार्जिलिंग को हिरासत में लेकर गहनता से पूछताछ की गई। इसके बाद पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।