कालका-शिमला नेशनल हाईवे पांच पर कोटी क्षेत्र के नामी रेस्तरां में स्वास्थ्य विभाग ने हुक्का के नाम पर नशीला तंबाकू शीशा बेचने पर बड़ी कार्रवाई की है। यहां पर फ्लेवर तंबाकू के कई डिब्बे बरामद किए गए। रेस्तरां से अधिक मात्रा में शीशा तंबाकू समेत खुली सिगरेट बरामद की गई। सोशल मीडिया पर इसकी कुछ वीडियो वॉयरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। विभाग की प्रदेश स्तरीय फ्लाइंग स्क्वायड टीम ने औचक निरीक्षण किया और रेस्तरां में कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई की। विभाग की ओर से मामला कोर्ट में भेजा जाएगा। अदालत के आदेशों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि यह धंधा काफी समय से चल रहा था। जैसे ही टीम का अन्य होटल और रेस्तरां संचालकों को पता चला तो उन्होंने शटर गिरा दिए।