इस दौरान मंडी जिला पुलिस ने सभी बस अड्डा पर अलर्ट जारी किया था। जैसे ही आरोपी बस अड्डा पर पहुंचे तो मंडीपुलिस ने फोटो की मदद से पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उन्हें पंजाब पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के अनुसार फगवाड़ा पुलिस ने इस घटना को लेकर 6 छात्रों के खिलाफ कत्ल व अन्य धाराओं के अंतर्गत केस दर्ज किया था।
मोहम्मद नूर अहमद हुसैन पुत्र मोहम्मद नूर निवासी सूडान हाल निवासी स्टार होम्स, गांव महेडू ने पुलिस को बताया कि वह मोहम्मद बड़ा वाला युसूफ अहमद पुत्र बाला युसूफ अहमद निवासी सूडान व अन्य साथियों के साथ जब बाहर निकले तो अब्दुल अहाद पुत्र अबू बकर कोड़ीबोटू, पंडावर, चिकमगलूर कर्नाटक अपने अन्य साथियों के साथ लड़कियों से कथित तौर पर छेड़छाड़ का प्रयास करते हुए मोबाइल नंबर मांगने लगे। अहमद मोहम्मद नूर के अनुसार जब उन्होंने छेड़छाड़ का विरोध किया तो अब्दुल अहाद ने अपने साथियों सहित उनके ऊपर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में बी फार्मेसी अंतिम वर्ष का छात्र मोहम्मद बड़ा वाला युसूफ अहमद व एमबीए अंतिम वर्ष का छात्र अहमद मोहम्मद नूर घायल हो गया, जिन्हें कुछ राहगीरों ने रामा मंडी के जोहल अस्पताल में दाखिल करवाया।
अस्पताल में उपचार के दौरान मोहम्मद बड़ा वाला की मृत्यु हो गई जबकि अहमद मोहम्मद नूर का उपचार चल रहा है। इस घटना की सूचना मिलने पर एसपी फगवाड़ा रूपिंदर कौर भट्टी पुलिस फोर्स सहित मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया। एसपी फगवाड़ा रूपिंदर कौर भट्टी के अनुसार इस घटना के संबंध में अब्दुल अहाद पुत्र अबू बकर निवासी चिकमगलूर कर्नाटक, कुंवर अमर प्रताप सिंह,आदित्य गर्ग, मोहम्मद शोएब, शशांक शैगी व यश वर्धन राजपूत सभी निवासी महेडू कॉलोनी फगवाड़ा के खिलाफ कत्ल व अन्य धाराओं के अंतर्गत केस दर्ज करके आरोपी युवकों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की थी। पुलिस अधीक्षक मंडी साक्षीवर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों को पंजाब पुलिस को सौंप दिया है।