बिलासपुर के बहुचर्चित उत्तरपुस्तिका छेड़छाड़ मामले में फोरेंसिक लैब के बाद अब स्कूल शिक्षा बोर्ड की जांच कमेटी की रिपोर्ट में भी बड़ा खुलासा हुआ है। कमेटी ने माना है कि छात्राओं की उत्तरपुस्तिकाओं के साथ जानबूझकर छेड़छाड़ की गई थी। बोर्ड ने अब इस रिपोर्ट को आगामी कार्रवाई के लिए शिक्षा निदेशालय को भेज दिया है। चूंकि संबंधित शिक्षक शिक्षा विभाग के अधीन आते हैं, इसलिए माना जा रहा है कि कॉपियों का मूल्यांकन करने वाले शिक्षकों सहित अन्य जिम्मेदारों पर जल्द ही बड़ी गाज गिर सकती है।
फोरेंसिक विभाग की रिपोर्ट के बाद शिक्षा बोर्ड ने जो टीम गठित की थी, उसने अपनी जांच रिपोर्ट सौंप दी है। इस रिपोर्ट में भी उत्तरपुस्तिकाओं में छेड़छाड़ की बात पूरी तरह सही पाई गई है। आगामी कार्रवाई के लिए इस रिपोर्ट की फाइल को अब संबंधित शिक्षकों के खिलाफ एक्शन हेतु शिक्षा निदेशालय को भेज दिया गया है। -डॉ. मेजर विशाल शर्मा, सचिव, स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला