फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Himachal Pradesh: नकली सोना गिरवी रखकर बैंक से ले लिया 20 लाख का ऋण, दो लोगों ने लिया था गोल्ड लोन; जानें

Tue, 08 Apr 2025 06:55 PM IST
अंकेश डोगरा अमर उजाला ब्यूरो, शिमला।

सार

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में दो लोगों ने नकली सोना गिरवी रख गोल्ड लोन लिया, लेकिन जब आभूषणों की जांच की गई तो वह नकली निकले। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन
फ्रॉड (सांकेतिक तस्वीर)। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजधानी के एक और बैंक से नकली सोना देकर लाखों का लोन लेने का मामला सामने आया है। ताजा मामले में एक्सिस बैंक की मालरोड शाखा से दो लोगों ने गोल्ड लोन लिया, लेकिन जब आभूषणों की जांच की गई तो वह नकली निकले। बैंक को दोनों आरोपियों ने इस तरह से करीब बीस लाख रुपये की चपत लगाई है। बैंक प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन


पुलिस को दी शिकायत में आशीष परमार शाखा परिचालन प्रबंधक एक्सिस बैंक लिमिटेड मॉल शिमला शाखा ने बताया है कि बसंत लाल और इंद्र जस्टा ने बैंक से कुछ समय पहले गोल्ड लोन लिया था। आरोप है कि दोनों ने नकली आभूषण गिरवी रखकर जानबूझकर आपराधिक इरादे से ऋण लिया। हाल ही में जब बैंक ने गिरवी रखे गए सोने के आभूषणों की जांच की तो वह नकली पाए गए।

शिकायत के मुताबिक यह आभूषण शुद्ध सोने के नहीं हैं और इन पर सोने की कोटिंग की गई है। नकली आभूषणों की बात सामने आने पर बैंक प्रबंधन ने मामले की शिकायत सदर पुलिस में दर्ज करवाई। बैंक के मुताबिक ऋण राशि और ब्याज सहित बैंक को इससे करीब 20,04,400 रुपये का वित्तीय नुकसान उठाना पड़ा है। बैंक के एक अधिकारी ने नाम नहीं बताने की शर्त पर बताया कि गोल्ड लोन देने से पहले बैंक सोने की जांच करता है। इसमें किसी सुनार से सोने की जांच करवाई जाती है। सुनार जांच के बाद सर्टिफिकेट जारी करता है कि आपका सोना कितने कैरेट का है। इसके अलावा बैंक के पास भी सोने की जांच के लिए किट होती है। इसमें नाइट्रिक एसिड और स्टोन टच विधि से सोने की गुणवत्ता को जांचा जाता है।
विज्ञापन

कई बैंकों में सामने आ चुके हैं नकली सोने से ऋण लेने के मामले
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी शहर के कई बैंकों में नकली सोने के आभूषणों को गिरवी रखकर लाखों का लोन लेने की बात सामने आ चुकी है। थाना सदर और न्यू शिमला में इसको लेकर केस भी दर्ज किए गए हैं। अब पुलिस मामले की जांच में यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिरकार बैंक में नकली सोना देकर आरोपियों ने किस तरह से लाखों का लोन ले लिया। इससे पहले थाना सदर के तहत दो बैंकों में नकली सोना गिरवी रखकर करीब 59 लाख रुपये का ऋण लेने का मामला सामने आया है।

आईसीआईसीआई और यूको बैंक के अधिकारियों की शिकायत पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र रचने के दो अलग-अलग केस दर्ज किए हैं। इस तरह के ज्यादातर मामले उस समय सामने आते हैं जब ऋणधारक लोन की किस्तें देना बंद कर देता है। इसके बाद जब बैंक आभूषणों की जांच करता है और वह नकली पाए जाते हैं। लगातार इस तरह के मामले सामने आने से बैंकों में गोल्ड लोन देने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठ रहे हैं। इसको देखते हुए पुलिस मामलों की हर पहलू से जांच कर रही है। एसएसपी शिमला संजीव कुमार गांधी ने बताया कि पुलिस ने बैंक की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें