बद्दी प्लांट से 324 गैस सिलिंडरों की सप्लाई लेकर ट्रक राज्य नागरिक आपूर्ति निगम ठियोग पहुंचा। इस दौरान जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले को सूचना मिली कि एक ट्रक में गैस सिलिंडरों में गैस कम है। लिहाजा विभाग ने मौके पर एजेंसी को निर्देश दिए कि वह गैस सिलिंडरों को तौले। इसके बाद एजेंसी ने जब इन सिलिंडरों को तौलना शुरू किया तो अधिकारी अचंभित रह गए।
सिलिंडरों में वजन से कम गैस पाई गई। इस पर अधिकारियों का शक और गहराया और उन्होंने अन्य गैस सिलिंडरों की भी जांच की। इसमें एक के बाद एक करीब 95 गैस सिलिंडरों में गैस कम पाई गई। इन गैस सिलिंडरों की सप्लाई ठियोग समेत आसपास के इलाकों में की जानी थी। उधर सिलिंडर में कैसे गैस कम हुई, इस बारे में आगामी जांच में इसका खुलासा होगा।