प्रदेश सरकार ने पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार शर्मा को सेवानिवृति के दूसरे ही दिन छह माह के लिए सेवा विस्तार दे दिया है। वीरवार को मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने प्रदीप शर्मा को 6 माह सेवा विस्तार की अधिसूचना जारी की। प्रदीप को सेवा विस्तार का विभाग के ही कुछ अधिकारी विरोध कर रहे थे।
अधिकारियों ने प्रदेश सरकार से लेकर राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष तक मामला उठाया था। बावजूद इसके कृषि मंत्री के आग्रह पर मुख्यमंत्री ने प्रदीप को सेवा विस्तार देने को हरी झंडी दे दी। उधर, कृषि मंत्री प्रोफेसर चंद्र कुमार का कहना है कि दूध और गोबर खाद की खरीद को लेकर शुरू की गई योजना को प्रभावी तरीके से लागू करने और पशुपालकों की आय में बढ़ोतरी के लिए प्रदेश में पशुगणना शुरू की गई है। पूरी प्रक्रिया निदेशक पशुपालन की देखरेख में चल रही है। पशुगणना की प्रकिया प्रभावित न हो, इसलिए निदेशक को छह माह का सेवा विस्तार देने का आग्रह मुख्यमंत्री से किया था। इसे स्वीकार कर मुख्यमंत्री ने सेवा विस्तार को मंजूरी दी है।