तोड़ा गया शिवलिंग (फाइल फोटो)।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
नगरोटा बगवां में वीरवार रात गांधी मैदान के समीप शिवालय में शिवलिंग तोड़े जाने की घटना में गिरफ्तार महिला धर्मशाला के सिद्धबाड़ी के साथ लगते एक गांव की रहने वाली है। गिरफ्तार की गई 35 वर्षीय महिला पुलिस हिरासत में है और उसका दिमागी संतुलन ठीक नहीं है।
शुक्रवार को इस घटना का पता चला था। जिसके बाद हिंदू समुदाय ने विशेष समुदाय के खिलाफ प्रदर्शन किया था। वहीं, एक समुदाय विशेष को किराये पर दी गई दुकानों और मकानों को खाली करने की मांग भी की थी और कुछ दुकानों को खाली करवाने की कोशिश भी की गई थी।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई शिवलिंग तोड़े जाने की घटना में उक्त महिला की पुलिस की ओर से पहचान की गई थी। पुलिस ने शुक्रवार को ही महिला को योल के समीप से गिरफ्तार कर लिया था। डीएसपी अंकित शर्मा ने बताया कि वीरवार को यह घटना तड़के करीब साढ़े 3 बजे बजे हुई थी। उन्होंने बताया कि महिला अकेले रहती है और 6-7 सालों से इधर-उधर घूमती रहती है।