प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुटता के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा है कि उन्हें किसी भी प्रकार से हताश होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि मंडी जिले में पार्टी को हार का मुंह देखना पड़ा जो बहुत ही दुखदाई है, पर उन्हें इससे सबक लेते हुए अब आगे बढ़ना है। उन्होंने कहा कि जल्द ही अब ग्राम पंचायतों व नगर निकायों के चुनाव होने हैं। इसके लिए अभी से सभी को तैयार होना होगा।
उन्होंने कहा कि वह चाहती हैं कि इन चुनावों में ऐसे कर्मठ नेताओं व कार्यकर्ताओं को आगे लाया जाए जिन्हें पार्टी में अभी तक कोई भी मौका या पद नहीं मिला है। इसके लिए तेरा मेरा न होकर जीत की क्षमता रखने वालों को आगे लाना होगा। प्रतिभा सिंह ने कहा है कि जल्द ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी सहित जिला व ब्लॉक कांग्रेस कमेटियां घोषित होगी। उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी में कर्मठ व जो पार्टी को समय दे पाए उन्हें पूरी तवज्जो दी जाएगी।
वीरवार को मंडी में मंडी सदर, बल्ह, सराज द्रंग व जोगिंदर नगर ब्लॉक के कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मलेन की अध्यक्षता करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि अगर संगठन मजबूत होगा तो प्रदेश की कांग्रेस सरकार भी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार बेहतर कार्य कर रही है और उन्हें यह कार्य व सरकार की उपलब्धियां जनता के बीच ले जानी हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित के कार्यों को पूरी प्रमुखता दी रही है। उन्होंने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने विकास के नाम पर केवल राजनीति की जबकि वर्तमान सरकार ने प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा के दौरान लोगों की हरसंभव मदद की।