कुल्लू के भूतनाथ के समीप पार्किंग में खड़ी कार पानी में बही।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू जिले में तीन दिन से लगातार बारिश हो रही है। शुक्रवार को पार्किंग में सरवरी नदी का पानी आ गया। इसमें पांच वाहन फंसे रहे। चार वाहनों को कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया। एक मारुति कार करीब 50 मीटर तक बह गई। इसके बाद पत्थर से फंस गई। दो झुग्गियां भी पानी में डूब गई हैं। इनका सामान भी खराब हो गया है। पार्किंग में पानी भरने से साथ लगते मकानों को खतरा हो गया है।
लोगों ने कहा कि यदि नदी ने पार्किंग की तरफ रुख बदला तो मकान खतरे में पड़ जाएंगे। हालांकि, यहां पहले सुरक्षा दीवार लगाई गई थी, लेकिन पार्किंग के निर्माण के चक्कर में सुरक्षा दीवार को तोड़ दिया गया। पार्किंग निर्माण के लिए मलबा इधर-उधर से लाकर काफी मात्रा में जमा कर दिया गया है। सरवरी नदी के किनारे सुरक्षा दीवार नहीं लगाई गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार यदि अभी भी समय पर सुरक्षा दीवार नहीं लगाई गई तो आने वाले समय में हनुमानी बाग की बस्ती खतरे में पड़ जाएगी। पार्किंग में पानी भरने से हनुमानी बाग का सरवरी क्षेत्र से संपर्क कटा रहा। इससे लोग आर-पार नहीं हो सके। लोगों को वाया ढालपुर आना-जाना पड़ा।