हमीरपुर से भोरंज सीट से पूर्व भाजपा विधायक डॉ. अनिल धीमान की याचिका पर 21 मई को सुनवाई होगी। इस मामले की सुनवाई न्यायाधीश अजय मोहन गोयल की अदालत ने की। भाजपा से प्रत्याशी रहे डॉ. अनिल धीमान ने विधानसभा चुनाव के दौरान धांधली को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। हिमाचल के जिला हमीरपुर की भोरंज सीट पर मुकाबला काफी ही रोचक और कड़ा रहा है। यहां पर पोस्टल बैलेट पेपर की गिनती में कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश कुमार ने 60 मतों से जीत दर्ज की है।
उन्होंने भाजपा प्रत्याशी डॉ. अनिल धीमान को हराया। ईवीएम के मतों की गिनती में भाजपा प्रत्याशी धीमान कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश कुमार से 68 मतों से आगे थे। ईवीएम की 17 राउंड की गिनती में भाजपा प्रत्याशी डॉ. अनिल धीमान को 23,985 मत मिले। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश कुमार ने 23917 मत हासिल किए। आजाद प्रत्याशी पवन कुमार 6744 मत ले गए। ईवीएम वोटों की गिनती में भाजपा प्रत्याशी डॉ. अनिल धीमान ने 68 मतों की बढ़त बनाई। पर पोस्टल बैलेट की गिनती में वह पिछड़ गए और 60 मतों से हारे। पोस्टल बैलेट की गिनती में सुरेश कुमार को 862 और डॉ. अनिल धीमान को 734 मत मिले।