फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Himachal Elections: दोपहर को खेतों में हो रहा काम और शाम को नुक्कड़ पर चुनाव प्रचार

Thu, 21 May 2026 11:33 AM IST
Krishan Singh अमर उजाला ब्यूरो, शिमला।

सार

पहले चरण के पंचायत चुनाव को अब मात्र छह दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
विज्ञापन
हिमाचल पंचायत चुनाव। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल प्रदेश में पहले चरण के पंचायत चुनाव को अब मात्र छह दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। प्रत्याशी दोपहर में खेतों में और शाम को नुक्कड़ पर प्रचार कर रहे हैं। प्रत्याशी प्रचार में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। हालांकि, इस बार कई इलाकों में लहसुन और टमाटर का सीजन चुनाव प्रचार पर भारी पड़ता नजर आ रहा है। इन दिनों ग्रामीण क्षेत्रों में लहसुन की खुदाई और टमाटर की गुड़ाई का कार्य जोरों पर है।

विज्ञापन

इसके चलते दोपहर के समय अधिकांश ग्रामीण अपने घरों में नहीं मिल रहे हैं। इस स्थिति को देखते हुए प्रत्याशियों ने भी अपनी रणनीति बदल दी है। अब उम्मीदवार वोटरों तक पहुंचने के लिए सीधे खेतों और बगीचों का रुख कर रहे हैं। वहां वे किसानों से काम के दौरान ही मुलाकात कर अपने चुनावी वादे और योजनाएं साझा कर रहे हैं। दूसरी ओर, सुबह और शाम के समय चुनाव प्रचार अभियान अधिक तेज हो गया है, क्योंकि इसी दौरान ग्रामीण अपने घरों में उपलब्ध रहते हैं।
विज्ञापन

जनसमर्थन जुटाने के लिए प्रत्याशी शाम से देर रात तक चौपाल पर बैठकें और नुक्कड़ सभाएं आयोजित कर रहे हैं। देखना यह होगा कि लहसुन और टमाटर के इस व्यस्त सीजन के बीच, कौन प्रत्याशी मतदाताओं को रिझाने में सबसे ज्यादा कामयाब हो पाते हैं। जहां एक ओर दिन के समय प्रत्याशियों की परीक्षा खाली घर ले रहे हैं, वहीं दूसरी ओर तेज गर्मी भी अब पसीने निकाल रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान के दौरान कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। ऐसे में तेज धूप व गर्मी के कारण उनका हाल बेहाल हो रहा है। बीते कुछ दिनों से लगातार धूप व गर्मी बढ़ती जा रही है। जिससे प्रत्याशियों की मुसीबत भी बढ़ रही है। हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज चुनाव तीन चरणों में हो रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें