उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. हरीश कुमार अवस्थी।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश सरकार ने अतिरिक्त शिक्षा निदेशक डॉ. हरीश कुमार अवस्थी को पदोन्न्त कर उच्च शिक्षा निदेशक बना दिया है। गुरुवार शाम को मुख्य सचिव संजय गुप्ता की ओर से इस बाबत अधिसूचना जारी की गई। कार्मिक विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में बताया गया कि पदोन्नति विभागीय पदोन्नति समिति की सिफारिशों के आधार पर की गई है। डॉ. हरीश को वेतन मैट्रिक्स के लेवल-31 (1,48,800 से 2,18,600 रुपये) में नियुक्ति दी गई है। डॉ. हरीश कुमार को वेतन निर्धारण के लिए एफआर-22 के प्रावधानों के तहत एक माह के भीतर अपना विकल्प प्रस्तुत करना होगा।
डॉ. हरीश कुमार अवस्थी अक्तूबर 2020 से शिक्षा निदेशालय में अतिरिक्त निदेशक के पद पर कार्यरत थे। जिला मंडी के जोगिंद्रनगर निवासी डॉ. हरीश ने करीब 17 वर्षों तक करसोग, सरस्वतीनगर और जोगिंद्रनगर कॉलेज में बतौर प्रवक्ता सेवाएं दीं। आठ साल तक संगडाह, लड़भडोल और जोगिंद्रनगर कॉलेज में प्रिंसिपल भी रहे। उधर, उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा गुरुवार को सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त हो गए।