दस साल पहले 2015 में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच धर्मशाला में टी-20 मुकाबला खेला था
मैच के 90 प्रतिशत टिकट बिक चुके हैं। सुरक्षा के लिए मैदान और बाहर एक हजार से अधिक सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया है। दर्शकों को ई टिकट जारी हैं। वे फोन में क्यूआर कोड स्कैन करवाकर स्टेडियम में एंट्री कर सकते हैं। दर्शकों का स्टेडियम में खाद्य पदार्थों के अलावा बोतल, कैमरा, सिक्कों, कड़ों और दूर से फेंके जाने वाली चीजें ले जाने पर पाबंदी रहेगी। मैदान में लगे एडवांस सब एयर सिस्टम से बारिश के बाद मैदान को 15 से 20 मिनट में फिर खेलने के लिए तैयार कर लिया जाएगा।
धर्मशाला में हाई स्कोर वाला होगा मैच : कॉनराड
दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के कोच शुकरी कॉनराड ने कहा कि धर्मशाला स्टेडियम की पिच बहुत अच्छी और हाई एल्टीट्यूड भी है। ऐसे में यहां पर हाई स्कोर मैच देखने को मिलेगा। शनिवार को धर्मशाला स्टेडियम में पत्रकार वार्ता में शुकरी कॉनराड ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका टीम के खिलाड़ी पहले भी यहां खेल चुके हैं। ऐसे में धौलाधार की ठंडी फिजाओं में तेज गेंदबाजी होगी। टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को लेकर कॉनराड ने कहा कि वे वर्ल्ड क्लास परफार्मर हैं। कंडीशन चाहे जो भी हो वे मैच वाले दिन पर अधिक निर्भर करता है।
उन्होंने कहा कि टी-20 विश्व कप 2026 को देखते हुए कई परिवर्तन भी कर रहे थे, लेकिन अब अधिकतर खिलाड़ी एक समय में खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल खूबसूरत स्थान है, ऐसे में अब हर स्थिति में खेलने को तैयार है। कुछ खिलाड़ी शनिवार को भी घूमने के लिए पहाड़ों की तरफ गए हैं, ऐसे में आज का अभ्यास सत्र भी नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि एडेन मारक्रम के साथ ही अन्य ओपनिंग बल्लेबाजी ऑप्शन पर भी काम कर रहे हैं, इसमें हम पूरी तरह से फ्लेक्सिबल हैं। मैच जीतने के बाद आत्मविश्वास आता है, जबकि हर मैच की स्थितियां अलग रहती हैं। उसके तहत ही टीम मैनजमेंट कार्य करती है। वनडे के साथ-साथ अब टीम टी-20 में भी गीली गेंद से अभ्यास कर रही है।
हार्दिक पांड्या और संजू सैमसन की रिकाॅर्ड बनाने पर रहेगी नजर
हार्दिक पांड्या दो नए कीर्तिमान स्थापित कर सकते हैं। टी-20 फारमेंट में धर्मशाला में हार्दिक पांड्या बल्ले से दो हजार पूरे करने वाले खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो जाएंगे। टी-20 में अपने 100 विकेट पूरे करने का मौका भी हार्दिक पांड्या के पास होगा। इसके अलावा भारतीय बल्लेबाज संजू सैमसन के पास टी-20 में 1000 रन पूरे करने का मौका भी रहेगा। वह केवल 1000 रन से मात्र पांच रन पीछे हैं।
केशव महाराज ने हनुमान मंदिर में टेका माथा
दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी केशव महाराज ने शनिवार सुबह कचहरी अड्डा के हनुमान मंदिर में माथा टेका। इस दौरान उन्होंने शिव मंदिर में ध्यान लगाया और हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। केशव महाराज भारतीय मूल के खिलाड़ी जोकि दक्षिण अफ्रीका में बतौर गेंदबाज खेलते हैं। मंदिर में माथा टेकने के बाद सीधे वे होटल लौट गए और वहां पर उन्होंने आराम किया।
टी-20 मुकाबले से पहले किया जाएगा कन्या पूजन
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी-20 मुकाबला शुरू होने से पहले स्टेडियम में एचपीसीए की ओर कन्या पूजन किया जाएगा, ताकि मैच में बारिश न हो। एचपीसीए की ओर इंद्रुनाग देवता की पूजा भी की जाएगी। पहले भी बारिश के चलते धर्मशाला में दक्षिण अफ्रीका के साथ दो मैच एक टी-20 और एक वनडे मैच रद्द हो चुके हैं।
बहाया पसीना: कप्तान सूर्य, गिल तिलक और दुबे ने किया अभ्यास
14 दिसंबर को होने वाले टी-20 मैच के लिए भारतीय टीम के खिलाड़ियों ने गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी पर ज्यादा फोकस किया। कोच गौतम गंभीर की देखरेख में बल्लेबाजों ने टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव, शुभमन गिल, संजू सैमसंग, जितेश शर्मा, तिलक वर्मा, अभिषेक शर्मा और शिवम दुबे ने नेट पर बल्लेबाजी कर खूब पसीना बहाया। भारतीय टीम शनिवार को दोपहर सवा दो बजे अभ्यास के लिए पहुंची। इस दौरान टीम के खिलाड़ियों ने पहले स्टेडियम की पिच का मुआयना किया। इसके बाद हल्का वार्मअप किया। इसके बाद टीम ने नेट में तेज और धीमी गति की गेंदों पर खूब बल्ला चलाया। धर्मशाला में तेज पिच होने के चलते टीम का टारगेट बड़ा स्कोर खड़ा करने पर रहेगा ताकि दक्षिण अफ्रीका को बड़ा लक्ष्य दिया जा सके। इसके लिए टीम ने खूब अभ्यास किया। इसके अलावा दक्षिण अफ्रीका की टीम ने होटल में ही आराम किया। कुछ खिलाड़ियों ने मैक्ललोडगंज से त्रियुंड ट्रेक तक ट्रैकिंग करने के साथ निजी होटल में खाना खाया।
हिसाब बराबर करने उतरेगी भारतीय टीम
टी-20 मुकाबले में भारतीय टीम 2015 में मिली हार का बदला लेने के लिए मैदान में उतरेगी। दक्षिण अफ्रीका की टीम ने धर्मशाला में अब तक एक ही टी-20 मैच भारत के खिलाफ खेला है। जिसमें उन्होंने भारतीय टीम को सात विकेट से पराजित किया था।
बाद में हुए एक टी-20 और एक वनडे मैच बारिश के कारण रद हो गए थे। इस मैच में भारतीय टीम 2 अक्तूबर 2015 को खेले गए मुकाबले का हिस्सा बराबर करना चाहेगी। वहीं मैच में जीत दर्ज कर सीरीज में बढ़त बनाने के लिए मैदान में उतरेगी। 2015 में खेले मुकाबले भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 199 रन बनाए थे। इसमें रोहित शर्मा ने 66 गेंदों पर 106 रनों की शतकीय पारी खेली थी। लेकिन दक्षिण अफ्रीका की टीम ने बेहतर खेलते हुए तीन विकेट खोकर 200 रन बनाकर मैच में जीत दर्ज की थी। इस बार भारतीय टीम युवाओं से सुसज्जित है। इसमें अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, शुभमन गिल, शिवम दुबे और कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो मैच को रुख कभी भी पलट सकते हैं। भारत में होने वाले सीरीजों में भी टीम को रिकॉर्ड बेहतर है।
अभ्यास सत्र में गीली गेंद से की प्रैक्टिस : तिलक
भारतीय बल्लेबाज तिलक वर्मा ने पिछले मैचों का जिक्र करते हुए स्वीकार किया कि लक्ष्य का पीछा करते समय भारतीय टीम की विकेटें जल्दी गिरी हैं, जिसे सुधारने पर टीम का फोकस है। उन्होंने कहा कि पूरी टीम मानसिक और शारीरिक रूप से पूरी तरह तैयार है। अभ्यास सत्र में गीली गेंद का इस्तेमाल किया, ताकि मैच में स्विंग मिली तो खिलाड़ी उसके लिए तैयार रहें।
उन्होंने कहा कि इससे कोई खास फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि जिस समय मैच खेला जाएगा, उस समय ओस का असर दोनों पारियों में देखने को मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि टीम बेहतर प्रदर्शन करते हुए सीरीज में मजबूती से उतरेगी।