हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के नए कार्यकारिणी में नेताओं के बड़े नाम या जान-पहचान के आधार पर नई कार्यकारिणी में किसी को पद नहीं मिलेंगे। युवाओं और महिलाओं को कार्यकारिणी में अधिमान दिया जाएगा। पढ़ें पूरी खबर...
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के नए कार्यकारिणी में नियुक्तियों के लिए किसी एक गुट के पास सभी शक्तियां नहीं रहेंगी। फील्ड सर्वे के आधार पर नियुक्तियां की जाएंगी। अखिल भारतीय कांग्रेस के कमेटी के सचिव और प्रदेश के सह प्रभारी चेतन चौहान और विदित चौधरी ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में बताया कि नेताओं के बड़े नाम या जान-पहचान के आधार पर नई कार्यकारिणी में किसी को पद नहीं मिलेंगे।
विज्ञापन
मध्यप्रदेश, राजस्थान और उत्तरप्रदेश की तर्ज पर हिमाचल प्रदेश में भी जिला और ब्लॉक स्तर पर जाकर सक्रिय कार्यकर्ता तलाशे जाएंगे। युवाओं और महिलाओं को कार्यकारिणी में अधिमान दिया जाएगा। जनवरी में जिला और ब्लॉक अध्यक्षों से नियुक्तियां शुरू होंगी। इसके बाद प्रदेश कार्यकारिणी का गठन होगा। हाईकमान ने इस बार प्रदेश में संगठन के गठन में नया फार्मूला अपनाया है। पूर्व की तरह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को ही नियुक्तियां करने का अधिकार नहीं दिया है।
दोनों सह प्रभारियों ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए हाईकमान ने पहली बार नई कार्यकारिणी के गठन को प्रदेश में पर्यवेक्षक भेजे हैं। यह पर्यवेक्षक ब्लॉक से लेकर संसदीय स्तर पर जाकर स्थिति का आकलन करेंगे। नेताओं की सक्रियता और पूर्व के चुनावों में उनके योगदान को लेकर रिपोर्ट बनाएंगे। इस रिपोर्ट को प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ल के माध्यम से हाईकमान को सौंपा जाएगा। प्रदेश के सभी वरिष्ठ नेताओं से भी चर्चा की जाएगी। चेतन चौहान ने बताया कि कई जिलों की कार्यकारिणी में लंबे समय से बदलाव नहीं हुआ है। ऐसे में फील्ड में जाकर स्थिति देखने के लिए पार्टी ने पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं।
विज्ञापन
बहुत जरूरत पड़ी तो ही बनाएंगे कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष
सह प्रभारियों ने कहा कि अगर बहुत जरूरत महसूस हुई, तभी कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाएंगे। संगठन महासचिव की भी अंतरिम तौर पर नियुक्ति की जा सकती है। इन दोनों मामलों पर पार्टी हाईकमान और प्रदेश के नेताओं से चर्चा करने के बाद ही फैसला लिया जाएगा।
11 दिसंबर के समारोह को लेकर प्रतिभा अंजान
प्रदेश सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूरा होने को लेकर 11 दिसंबर को होने वाले समारोह से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह अंजान हैं। सोमवार को मीडिया से बातचीत में प्रतिभा सिंह ने कहा कि समारोह में कौन आ रहा है, कहां यह होगा। इसकी मुझे जानकारी नहीं है। बता दें कि बीते दिनों ही लोकनिर्माण मंत्री और प्रतिभा सिंह के पुत्र विक्रमादित्य सिंह ने भी समारोह के आयोजन को लेकर अनभिज्ञता जताई थी।
वन मैन वन पोस्ट की वकालत, मान-सम्मान न मिलने पर जताई नाराजगी
हिमाचल प्रदेश में गठित हो रही कांग्रेस की नई कार्यकारिणी में वन मैन वन पोस्ट के सिद्धांत को सख्ती से लागू करने की वकालत तेज हो गई है। सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कई पार्टी नेताओं ने इस मामले को उठाया। सत्ता में होने के बावजूद मान-सम्मान न मिलने को लेकर भी नाराजगी जताई। 2022 का विधानसभा चुनाव हारे कई प्रत्याशियों का सह प्रभारियों के सामने दर्द छलका। सरकार में तरजीह न मिलने, अधिकारियों की अनदेखी और छोटे-छोटे कामों के लिए सचिवालय में भटकने का भी इन नेताओं ने मामला उठाया।
उधर, नई कार्यकारिणी का गठन करने को सह प्रभारी चेतन चौहान और विदित चौधरी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित पूर्व प्रदेश अध्यक्षों व पूर्व प्रत्याशियों के साथ अलग-अलग बैठक की। कार्यकारिणी के गठन के लिए पार्टी हाईकमान के नए फार्मूले से नेताओं को अवगत कराया। 27 नवंबर के बाद जिलों व ब्लॉकों में पर्यवेक्षकों के प्रस्तावित दौरे की भी जानकारी दी गई। विदित चौधरी व चेतन चौहान ने सोमवार सुबह पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर कौल सिंह व कुलदीप कुमार के साथ बैठक की। विप्लव ठाकुर, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और कुलदीप राठौर बैठक में पूर्व निधार्रित कार्यक्रमों के चलते शामिल नहीं हो सके। चेतन ने कहा कि प्रदेश में जल्द ही कार्यकारिणी घोषित कर दी जाएगी। भी जिलों में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने अपने पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं, जो पार्टी के सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं से उनके क्षेत्रों में जाकर बातचीत करेंगे। विदित ने कहा कि इस बार प्रदेश में कांग्रेस संगठन नए स्वरूप में नजर आएगा।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार, पूर्व सीपीएस संजय अवस्थी, विस उपाध्यक्ष विनय कुमार, उप सचेतक केवल पठानिया, वन निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची, विधायक सुरेश कुमार, मलेंद्र राजन, पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर, पवन ठाकुर, चेतराम ठाकुर, विवेक कुमार, नरेश कुमार, करनेश जंग, सुरेंद्र पाल, सोहन लाल ठाकुर, डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा, बंबर ठाकुर, दयाल प्यारी ने भी मुलाकात की। बैठक में शिमला संसदीय क्षेत्र के पर्यवेक्षक ओम वीर यादव व कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के प्रभारी शांतनु चौहान भी उपस्थित रहे।
नजरअंदाज न हो संगठन, सरकार में मिले नियुक्तियां : प्रतिभा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि संगठन के लोगों को भी सरकार में नियुक्तियां मिलनी चाहिए। निगमों और बोर्डों में कई पद रिक्त चल रहे हैं। ऐसे में कार्यकर्ताओं का मनोबल बनाए रखने के लिए इस बाबत जल्द कदम उठाए जाने चहिए। संगठन की नजरअंदाजी नहीं होनी चाहिए। संगठन में जोश भरने की जरूरत है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि दोनों सह प्रभारियों को इस बाबत विस्तार से बताया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार का दो साल का कार्यकाल बेहतर रहा है।
सरकार और संगठन में तालमेल बैठाने का भी सौंपा जिम्मा
हाईकमान ने दोनों सह प्रभारियों को सरकार और संगठन में तालमेल बैठाने का जिम्मा भी सौंपा है। नई कार्यकारिणी के गठन के साथ ही सह प्रभारी सरकार के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे।