सीपीएम के सैकड़ों कार्यकर्ता दिल्ली रैली में होंगे शामिल
भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने देश के संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया ब्लॉक की महारैली में शामिल होने की अपील की है। पार्टी के राज्य सचिव संजय चौहान ने कहा कि हिमाचल प्रदेश से सीपीएम के सैकड़ों कार्यकर्ता इस रैली में भाग लेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार चुनाव आयोग जैसी सांविधानिक और स्वायत्त संस्था का इस्तेमाल कर लोगों को उनके मताधिकार से वंचित कर रही है। संजय चौहान ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने केंद्र की भाजपा सरकार के इशारे पर 13.5 करोड़ से अधिक लोगों के वोट काटकर उनके संवैधानिक अधिकारों का हनन किया है। उन्होंने कहा कि कथित वोट चोरी के खिलाफ देशभर में मजदूरों, किसानों, छात्रों, युवाओं, महिलाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से आंदोलन चलाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इस आंदोलन को दबाने के लिए पुलिस, अर्धसैनिक बलों और अन्य माध्यमों का इस्तेमाल कर रही है। आंदोलनकारियों के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज करने और उन्हें हिरासत केंद्रों में रखने के भी आरोप लगाए। चौहान ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए जनता को एकजुट होकर इस आंदोलन में भाग लेना चाहिए। सीपीएम ने मुख्य चुनाव आयुक्त को बर्खास्त कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया रद्द करने और इसके तहत काटे गए वोट बहाल करने की मांग उठाई है।