भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश में भाजपा ने 11 लाख ऑनलाइन और 3 लाख ऑफलाइन सदस्य बना लिए हैं। यानी 14 लाख सदस्य बना दिए गए हैं। पार्टी ने 16 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से 15 अक्तूबर तक 15 लाख सदस्य बना लिए जाएंगे।
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि पार्टी ने हर बूथ पर 200 सदस्यों को बनाने का लक्ष्य रखा है। राज्य भर में 8000 पोलिंग बूथ हैं। राज्य में इन दिनों भाजपा का सदस्यता अभियान खूब जोरों से चल रहा है। भाजपा का फोकस ऑनलाइन तरीके से अधिक से अधिक सदस्य बनाने का है। बिंदल ने कहा कि सदस्यता अभियान 15 अक्तूबर को पूरा होगा तो इसके बाद सक्रिय सदस्यों को बनाने का काम शुरू होगा।
अभी नए मंडलों को बनाने का प्रस्ताव नहीं
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नए मंडलों का प्रस्ताव नहीं होने की बात की। उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार ही इस संबंध में आगे बढ़ेंगे। इस समय भाजपा के प्रदेश में 74 मंडल हैं। उल्लेखनीय है कि पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से नए मंडल बनाने की बात छेड़ी जा रही है। इस बारे में चर्चा है कि भाजपा नए मंडल बना सकती है।