यातायात पुलिसकर्मी को एसी हेलमेट पहनाते पुलिस अधीक्षक संदीप धवल।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
भीषण गर्मी के बीच सेवाएं देने वाले यातायात पुलिस कर्मियों के लिए राहत भरी खबर है। यातायात कर्मी अब एसी हेलमेट पहनकर ड्यूटी देंगे। पुलिस विभाग ने जिले में इसका ट्रायल सोमवार से शुरू कर दिया है। एसी हेलमेट मिलने से भीषण गर्मी भी यातायात पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता को प्रभावित नहीं कर पाएगी।
जिले में इस समय तापमान 35 से 40 डिग्री के बीच बना हुआ है। गर्मी में यातायात पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता प्रभावित न हो इसके लिए विभाग की ओर से यह प्रयास किया गया है। पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने सोमवार को कुछ यातायात कर्मियों को एसी हेलमेट दिए। इनमें छोटा एसी लगा है, जो बैटरी से चलता है। इसे लगाने के बाद सिर में ठंडक महसूस होती है। तापमान 10 से 15 डिग्री तक कम हो जाता है। हेलमेट का वजन 200 से 250 ग्राम तक है।