भानुपल्ली-बिलासपुर रेललाइन टनल नंबर-11 ब्रेक थ्रू
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
भानुपल्ली-बिलासपुर रेललाइन की टनल नंबर-11 ब्रेक थ्रू कर दी गई है। 2.3 किलोमीटर की टनल बनाने के लिए दो साल का समय लगा। टनल निर्माण के दौरान कंपनी को भारी जल रिसाव और भूगर्भीय सहित कई बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। टनल को पूरी तरह से तैयार करने में अभी एक साल का समय और लगेगा। इसी टनल को 10-नंबर टनल से जोड़ा जा रहा है।
थापना की पहाड़ी पर भूस्खलन होने के बाद 10 नंबर टनल की अलाइनमेंट को बदला गया है। इसके बाद इन दोनों टनलों को आपस में जोड़ने की अलाइनमेंट तैयार की गई है। बाद में जब दोनों टनलें मिल जाएंगी तो इनकी कुल लंबाई 6.7 किलोमीटर हो जाएगी। टनल नंबर 11 का निर्माण एफकॉन इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड कर रही है। 10 नंबर टनल का निर्माण कार्य मैक्स कंपनी कर रही है। इसकी लंबाई करीब 4,400 मीटर रहेगी। ब्रेक थ्रू के मौके पर सुरंग के दोनों सिरों के जुड़ते ही कर्मचारियों और अधिकारियों ने तालियों और नारों के बीच जश्न मनाया।
टनल के भीतर फूलों की बारिश की गई और मिठाइयां बांटी गईं। आरवीएनएल के परियोजना निदेशक अनमोल नागपाल ने कहा यह हमारी टीम की मेहनत और प्रतिबद्धता का नतीजा है। टनल निर्माण आसान नहीं था, लेकिन हर चुनौती का डटकर सामना किया गया। एफकॉन के परियोजना प्रबंधक संदीप शर्मा ने कहा कि इस सुरंग ने हमें तकनीकी और मानवीय दोनों स्तर पर परखा, लेकिन टीम ने एकजुटता से इस लक्ष्य को हासिल किया। अब सुरंग की फिनिशिंग का काम एक साल में पूरा किया जाएगा।