मैक्लोडगंज में तिब्बती धर्म सम्मेलन में उपस्थित बौद्ध गुरुओं को संबोधित करते हुए दलाई लामा।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
तिब्बती धर्मगुरु 14वें दलाई लामा तेंजिन ग्योत्सो के 90वें जन्मदिवस पर मैक्लोडगंज में आज से दो दिवसीय कार्यक्रम चल रहा है। समारोह के लिए अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू धर्मशाला पहुंचे हैं। केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक मंत्री किरेन रिजिजू और केंद्रीय पंचायतीराज मंत्री राजीव रंजन सिंह और समेत अन्य हस्तियों के आज धर्मशाला पहुंचने की उम्मीद है।
केंद्रीय तिब्बती प्रशासन, निर्वासित तिब्बत सरकार और दलाई लामा कार्यालय की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मैक्लोडगंज स्थित दलाई लामा मंदिर को भव्य तरीके से सजाया गया है। शनिवार सुबह चुंगलाखां बौद्ध मठ में दलाई लामा की लंबी उम्र और स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया।
सुबह 8:00 बजे शुरू हुई इस प्रार्थना सभा में दलाई लामा खुद माैजूद रहे। रविवार को केक कटेगा और दलाई लामा अनुयायियों को आशीर्वाद देंगे। 14वें दलाई लामा का 90वां जन्मदिन आधिकारिक तौर पर ग्रेगोरियन कैलेंडर के अनुसार 6 जुलाई को मनाया जाता है। करीब 48 देशों से बौद्ध धर्म में आस्था रखने वाले और दलाई लामा के हजारों अनुयायी धर्मशाला पहुंच चुके हैं। आयोजन को लेकर सुरक्षा एजेंसियां भी पूरी तरह सक्रिय हैं। हालांकि, सिक्कम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग भी धर्मशाला आ रहे थे, लेकिन अचानक उनका कार्यक्रम रद्द हो गया है।