फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल सेब सीजन: मंडियों में बढ़ी आवक, पिछले 15 दिन में 10 फीसदी उछाल

Thu, 17 Sep 2026 05:45 AM IST
Krishan Singh अमर उजाला ब्यूरो, शिमला।

सार

प्रदेश में पिछले दिनों धीमे पड़े सेब सीजन में अब मंडियों में फसल की आवक बढ़ने लगी है। पंद्रह दिन पहले की तुलना में सेब की आमद में करीब 10 फीसदी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 
विज्ञापन
हिमाचल सेब। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल प्रदेश में पिछले दिनों धीमे पड़े सेब सीजन में अब मंडियों में फसल की आवक बढ़ने लगी है। पंद्रह दिन पहले की तुलना में सेब की आमद में करीब 10 फीसदी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बागवानी विभाग के अनुसार, मौजूदा समय में पिछले वर्ष की तुलना में करीब 60 फीसदी तक सेब मंडियों में पहुंच रहा है। बुधवार तक प्रदेश की मंडियों में 94 लाख 12 हजार 958 पेटियां पहुंच चुकी हैं, जबकि पिछले वर्ष इस अवधि तक करीब 1.73 करोड़ पेटियां पहुंच गई थीं। इस बार सेब उत्पादन पर मौसम और बीमारियों का बुरा असर पड़ा है। पिछले वर्ष बरसात के दौरान कई क्षेत्रों में बगीचों को नुकसान हुआ। इसके बाद मार्सोनिना ब्लॉच, अल्टरनेरिया जैसी पतझड़ बीमारियों के संक्रमण से कई बगीचों में पत्तियां समय से पहले झड़ गईं।

विज्ञापन

इससे पेड़ों का विकास और अगली फसल की तैयारी प्रभावित हुई। इस बरसात में ज्यादा बारिश न होने के बावजूद कई क्षेत्रों में बीमारियों का प्रकोप रहा। इससे सेब का आकार अपेक्षित रूप से नहीं बन पाया और फलों में रंग भी अच्छी तरह विकसित नहीं हुआ। सर्दियों में पर्याप्त बारिश और बर्फबारी न होने से कई क्षेत्रों में जरूरी चिलिंग आवर्स पूरे नहीं हुए। इसका असर फूल आने और फल बनने की प्रक्रिया पर भी पड़ा। फिलहाल शिमला, मंडी और कुल्लू के ऊंचाई वाले क्षेत्रों के अलावा किन्नौर से सेब मंडियों में पहुंच रहा है। मौजूदा स्थिति को देखते हुए इस बार सेब सीजन करीब पौने दो करोड़ पेटियों पर सिमट सकता है।
विज्ञापन

पिछले कुछ दिनों से मंडियों में सेब की आमद बढ़ी है। अभी पिछले वर्ष की तुलना में करीब 60 फीसदी तक सेब मंडियों में पहुंच रहा है। इससे पहले आमद पिछले वर्ष की तुलना में काफी कम थी। अब इसमें करीब 10 फीसदी तक सुधार दर्ज हुआ है। सीजन अभी जारी है और आने वाले दिनों में ऊंचाई वाले क्षेत्रों से और सेब मंडियों में आएगा। मौजूदा स्थिति को देखते हुए इस बार प्रदेश में सेब सीजन करीब पौने दो करोड़ पेटियों तक सिमट सकता है। - डॉ. सतीश शर्मा, निदेशक, बागवानी विभाग, हिमाचल प्रदेश
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें