पासपोर्ट बनवाने के इच्छुक लोग passportindia.gov.in पर जाकर ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं। स्लॉट चुनते समय पोर्टल में पासपोर्ट मोबाइल वैन का विकल्प चयन करना अनिवार्य होगा। यह सेवा विशेष रूप से उन लोगों के लिए राहत लेकर आई है, जो कठिन भौगोलिक परिस्थितियों या व्यस्त दिनचर्या के कारण पासपोर्ट सेवा केंद्र नहीं पहुंच पाते।
मोबाइल वैन में फिंगरप्रिंट और बायोमेट्रिक मशीन, हाई-रिजॉल्यूशन कैमरा, दस्तावेज स्कैनिंग और डाटा अपलोडिंग सिस्टम सहित सभी अत्याधुनिक उपकरण मौजूद हैं। निर्धारित अपॉइंटमेंट के साथ वैन तय समय पर क्षेत्र में पहुंचेगी और पासपोर्ट से जुड़े सभी कार्य एक ही स्थान पर पूरे किए जाएंगे। प्रतिदिन 50 पासपोर्ट आवेदनों का निपटारा करने का लक्ष्य रखा गया है।
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी वरुण कुमार शर्मा के अनुसार योजना का उद्देश्य है कि दूरदराज के लोगों को घर के नजदीक ही पासपोर्ट सुविधा मिल सके। जरूरत पड़ने पर सेवा दूसरे जिलों में भी चलाई जाएगी।