हमीरपुर। पुलिस थाना सदर के तहत पड़ते कोटला गांव के युवक ने पंखे से फंदा लगाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली है। युवक के आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस को सूचना मिलते ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की छानबीन शुरू की।
राजकुमार (29) पुत्र हंस राज निवासी गांव कोटला डाकघर धनेड़ तहसील और जिला हमीरपुर टेंट का काम करता था। सोमवार रात को उसने अपने घर पर खाना खाया और सोने के लिए अपने कमरे में चला गया। सुबह जब वह नहीं उठा तो परिजनों ने दरवाजा खटखटाया। दरवाजा न खोलने पर जब परिजनों ने खिड़की से देखा तो वह पंखे से लटका हुआ था। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। युवक के पिता भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं और युवक उनका एकलौता बेटा था। पुत्र की मृत्यु से उनपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सदर थाना प्रभारी संजीव गौतम ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामला दर्जकर छानबीन कर रही है।