हमीरपुर। जिले के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों में योग की पाठशाला लगेंगी। इसमें आमजन को योगासन-प्राणायाम सिखाया जाएगा।
जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों को योग सत्रों के आयोजन के संदर्भ में विस्तृत योजना बनाने के निर्देश दिए हैं। संभावना है कि इसी माह से योग सत्र शुरू होंगे। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत आयोजित होने वाले योग सत्रों में आयुर्वेदिक विभाग का भी सहयोग लिया जाएगा। आयुर्वेदिक विभाग के योग शिक्षकों की सहायता ली जाएगी।
जिन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों में अधिक जगह होगी, वहां पर योग सत्र होंगे। वहीं, कम जगह वाले सेंटरों के नजदीक जगह की तलाश की जाएगी, जहां पर अधिक से अधिक लोग योग सत्र में शामिल होकर लाभ ले सकें। पंचायत सामुदायिक केंद्र सहित अन्य भवन शामिल होंगे।
कार्यक्रम को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आशा कार्यकर्ताओं की भी सहायता ली जाएगी। योग प्रशिक्षक रोजाना डेढ़ से दो घंटे के सत्र में लोगों को योगासन और प्राणायाम सिखाएंगे। योग से संबंधित विभिन्न क्रियाएं करवाई जाएंगी। स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए विशेष परामर्श दिए जाएंगे।
योग शिक्षक प्रतिसत्र 250 रुपये मिलेगा
योग सत्र के लिए योग शिक्षक को मेहनताना भी दिया जाएगा। एक योग शिक्षक को प्रतिसत्र के 250 रुपये दिए जाएंगे। योग शिक्षक को बिल स्वास्थ्य विभाग के पास देने होंगे। कार्यक्रम एक साल तक चलेगा। यदि कार्यक्रम में अधिक लोगों की सहभागिता होती है तो इसे एक साल के बाद भी नियमित रूप से संचालित किया जा सकता है।
योगाभ्यास से शरीर में बढ़ता है लचीलापन
योग शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य के लिए लाभदायक होता है। नियमित योगाभ्यास से शरीर में लचीलापन और शक्ति बढ़ती है। यह तनाव, चिंता और अवसाद को कम करने में मदद करता है। एकाग्रता बढ़ाने में सहायक होता है।
कोट
हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों में शीघ्र ही योग सत्र आयोजित होंगे। सभी बीएमओ को इन्हें शुरू करने के निर्देश दिए हैं। आयुर्वेदिक विभाग के योग शिक्षक लोगों को योग करवाएंगे। एक साल तक कार्यक्रम जारी रहेगा। प्रति सत्र उन्हें 250 रुपये दिया जाएगा।
-डॉ. प्रवीण चौधरी, सीएमओ हमीरपुर