हमीरपुर। जिले के आयुष स्वास्थ्य केंद्रों में योग गतिविधियों को और सशक्त बनाने की दिशा में पहल शुरू हो गई है। जिला आयुष विभाग ने विभिन्न आयुष संस्थानों में योग हॉल निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर आयुष निदेशालय को भेज दिया है।
योजना को मंजूरी मिलने के बाद राष्ट्रीय आयुष मिशन (एनएएम) के तहत बजट उपलब्ध कराया जाएगा। जिले में वर्तमान में करीब 72 आयुष संस्थान संचालित हैं, जिनमें से सात संस्थानों की अपनी भवन व्यवस्था नहीं है।
कई केंद्रों में योग गतिविधियों के लिए सीमित स्थान उपलब्ध होने के कारण नियमित योग शिविर, प्रशिक्षण कार्यक्रम और सामूहिक योग सत्र आयोजित करने में दिक्कतें आती हैं।
आयुष विभाग के अनुसार योग हॉल निर्माण का उद्देश्य संस्थानों में योग संबंधी गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। नए हॉल बनने से नियमित योग शिविर, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, विशेष योग सत्र तथा योग दिवस जैसे आयोजनों का संचालन अधिक व्यवस्थित ढंग से किया जा सकेगा।
मंजूरी और बजट जारी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इससे न केवल स्वास्थ्य केंद्रों की आधारभूत संरचना मजबूत होगी, बल्कि ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में योग के प्रति लोगों की भागीदारी भी बढ़ेगी और आयुष सेवाओं के विस्तार को गति मिलेगी।
कोट
योग हॉल के निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने की उम्मीद है। अधिक से अधिक लोग योग से जुड़ेंगे।
-अंकुश, जिला नोडल ऑफिसर, आयुष विभाग