हमीरपुर। जिला सहकारी विकास संघ हमीरपुर के चार जोन के चुनाव बुधवार को पक्का भरो स्थित फेडरेशन कार्यालय में संपन्न हुए, जबकि तीन जोन में सर्वसम्मति से तीन निदेशक मंडल सदस्य चुने गए हैं। इस दौरान पूर्व जिला कार्यकारिणी में चेयरमैन रहे यशवीर पटियाल को फिर से बिझड़ी जोन का निदेशक चुना गया है।
चुनाव में सहकारिता के विभाग के जिला ऑडिट ऑफिसर राजेश कुमार चुनाव प्रभारी रहे। वोटिंग के माध्यम से चार जोन में निदेशक सदस्यों का फैसला हुआ।जिला सहकारी विकास संघ प्रदेश राज्य सहकारी विकास संघ (हिमको फेड) से जुड़े हैं। दि हमीरपुर जिला सहकारी विकास संघ हमीरपुर के चुनावों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों का दबदबा फिर देखने को मिला है।
खास बात यह है कि सर्वसम्मति और वोटिंग के माध्यम से चुने गए सभी निदेशक सदस्य भाजपा समर्थित हैं। हमीरपुर जोन में अशोक कुमार ने 15 वोट हासिल कर जीत हासिल की है, जबकि 9 वोट के साथ यशवंत सिंह राणा दूसरे नंबर पर रहे हैं। नादौन जोन में कमल किशोर ने 12 मत प्राप्त कर जीत हासिल की है, जबकि राजेंद्र सिंह मंडयाल को 10 वोट प्राप्त हुए हैं।
टौणी देवी जोन में बलबीर सिंह ने 17 वोट प्राप्त कर जीत हासिल की, जबकि रतन सिंह 13 मतों के साथ दूसरे नंबर पर रहे। बिझड़ी जोन में यशवीर पटियाल को 22 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके खिलाफ चुनाव लड़ने वाले संजय कुमार को पांच मत मिले। वहीं, भोंरज जोन में सुशील ठाकुर को दोबारा निर्विरोध चुना गया है।
सुजानपुर जोन में संतोष कुमार और बड़सर जोन में रामकृष्ण को निर्विरोध चुना गया है। पूर्व जिला कार्यकारिणी में यशवीर पटियाल चेयरमैन थे, जबकि भोरंज जोन से निर्विरोध चुने गए सुशील ठाकुर के पास वाइस चेयरमैन का जिम्मा था। अब दोबारा शत-प्रतिशत भाजपा की विचारधारा के प्रत्याशी जीतकर आए हैं, ऐसे में चेयरमैन और वाइस चेयरमैन पदों पर भाजपा समर्थित निदेशक सदस्य काबिज होना तय है।
2015 के बाद सरकार हिमको फेड में नामित कर रही निदेशक मंडल
वर्ष 2015 के बाद से प्रदेश में सरकार हिमको फेड में निदेशक मंडल सदस्यों को नामित कर रही है। पहले यह व्यवस्था नहीं थी। पहले जिला संघ की ओर से चुने गए निदेशक मंडल सदस्यों की प्रदेश राज्य सहकारी विकास संघ चुनाव में अहम भूमिका होती थी, लेकिन एक दशक से प्रदेश सरकार अपनी ओर से निदेशक सदस्य नामित कर रही है।
सहकारी संस्थाओं की मजबूती धूमल की देन : भाजपा
हमीरपुर। जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि जिला हमीरपुर सहकारी विकास संघ के चुनावों में भारतीय जनता पार्टी समर्थित प्रत्याशियों ने एक बार फिर अपना दबदबा स्थापित करते हुए शानदार जीत दर्ज की है। कुल 7 निदेशक पदों में से सात पर भाजपा का कब्ज़ा हुआ है। इनमें से 3 निदेशक पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके थे, जबकि शेष चार पदों पर हुए चुनावों में भाजपा समर्थित चार प्रत्याशियों ने विजय प्राप्त की है। भाजपा की जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, जिला महामंत्री अजय रिंटू तथा राजेश सहगल, जिला कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा सहित जिला भाजपा के पदाधिकारियों ने सभी नवनिर्वाचित निदेशकों को हार्दिक बधाई दी हैं।