हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में एक्स-रे मशीन एक बार फिर से खराब हो गई है। इस कारण मरीजों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गत सप्ताह भी मशीन खराब हुई थी। इसके बाद एक्स-रे फिल्म खत्म होने के कारण भी मरीजों के एक्स-रे नहीं हो पाए। अब दोबारा से मशीन खराब हो गई है।
मेडिकल कॉलेज में बार-बार एक्स-रे मशीन के खराब होने से मरीजों को परेशानी को सामना करना पड़ रहा है। वहीं मरीज को बाहर निजी लैब में एक्स-रे करवाने पड़ रहे हैं, जहां उन्हें सरकारी की जगह ज्यादा दाम चुकाने पड़ रहे हैं। निजी लैब में एक्स-रे करवाने के लिए 300 रुपये तक शुल्क चुकाना पड़ रहा है।
मरीजों में लक्ष्मी, सुमना, बनीता, सीमा, नीलम, बिंदु, सुरेश, अनिल आदि ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में एक्स-रे नहीं हो पा रहे हैं। इस कारण मरीजों को निजी लैब का रुख करना पड़ रहा है। लैब संचालक एक्स-रे के मनमाने दाम वसूलते हैं, मजबूरी में मरीजों को उसका महंगे दामों पर एक्स-रे करवाना ही पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रबंधन को चाहिए कि इन मशीनों की मरम्मत अच्छे से करवाए, ताकि बार-बार दिक्कत न हो। उधर, मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने कहा कि समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।