हमीरपुर। भोरंज अस्पताल में दो वर्षों से एक्सरे सुविधा से वंचित मरीजों को अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल के लिए नई एक्सरे मशीन को मंजूरी दे दी है। मशीन उपलब्ध होने के बाद अस्पताल में दोबारा एक्सरे सुविधा शुरू हो सकेगी।
पुरानी मशीन कंडम होने के बाद से एक्सरे बंद है। इसके चलते मरीजों को जांच के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर जाना पड़ रहा है, जिससे समय और पैसे की बर्बादी हो रही है। आपात और दुर्घटना के मामलों में परेशानी और बढ़ जाती है।
नादौन अस्पताल के लिए भी स्वास्थ्य विभाग ने नई एक्सरे मशीन को मंजूरी दी है। यहां करीब 12 वर्ष पुरानी मशीन से काम चलाया जा रहा है और लंबे इस्तेमाल के कारण इसकी कार्यक्षमता प्रभावित हो रही है।
वहीं, गलोड़ अस्पताल में खराब पड़ी एक्सरे मशीन के कारण मरीजों को अभी इंतजार करना पड़ेगा। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार नई मशीन के लिए करीब तीन वर्ष पहले स्वास्थ्य विभाग को आवेदन भेजा गया था, लेकिन अभी तक मंजूरी नहीं मिली है।
कोट
नादौन अस्पताल में नई एक्सरे मशीन से लोगों को पहले से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। उम्मीद है कि मशीन की उपलब्धता जल्द सुनिश्चित होगी।
-राजेश, बीएमओ नादौन