हमीरपुर। जिले की 242 ग्राम पंचायतों में महिला ग्राम सभाएं आयोजित की जाएंगी। इन सभाओं में महिलाएं सीधे पंचायत के समक्ष गांव की समस्याएं रखेंगी और उनके समाधान की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
खासतौर पर युवाओं में बढ़ती चिट्टे की लत और नशे की रोकथाम के लिए सामूहिक प्रयासों को मजबूत करने पर जोर रहेगा।
महिला ग्राम सभाओं में स्वच्छता, पेयजल, रास्तों, स्ट्रीट लाइट, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे। इसके अलावा पंचायतों में लंबित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा होगी।
सड़क, रास्ते, नालियों, सामुदायिक भवनों समेत अन्य निर्माण कार्यों में देरी के कारणों की जानकारी लेकर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाने की योजना तैयार की जाएगी।
सभाओं में महिलाओं से गांव की जरूरतों और विकास कार्यों को लेकर सुझाव भी लिए जाएंगे। इससे पंचायत स्तर पर विकास कार्यों की निगरानी और निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी।
पंचायत स्तर पर महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। सभा में महिलाएं पंचायत स्तर की समस्याएं रख सकेंगी, ताकि उनका समाधान किया जा सके। -बबिता गुलेरिया, जिला पंचायत अधिकारी