हमीरपुर। जिले में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को अब हर माह कौशल सुधार का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उद्योग विभाग के माध्यम से डीआरडीए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करेगा।
इसमें महिलाओं को बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार करने, गुणवत्ता सुधारने और ऑनलाइन मार्केटिंग के जरिए बिक्री बढ़ाने के गुर सिखाए जाएंगे।
जिले में वर्तमान में 2738 स्वयं सहायता समूह कार्यरत हैं, जिनसे हजारों महिलाएं जुड़ी हैं। ये महिलाएं अचार, मुरब्बा, पपीते की बर्फी और हस्तशिल्प जैसे उत्पाद तैयार कर रही हैं।
नियमित प्रशिक्षण से उन्हें अपने उत्पादों के लिए नए बाजार तलाशने, कारोबार का विस्तार करने और स्वरोजगार को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।
कोट
स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के कौशलों को निखारने के लिए शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिससे महिलाओं को उत्पादों की बिक्री बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
-अस्मिता ठाकुर, उपनिदेशक, सह परियोजना अधिकारी समग्र शिक्षा