नादौन (हमीरपुर)। थाना नादौन के तहत ऑनलाइन काम के जरिये अच्छी कमाई का झांसा देकर एक महिला से 1.89 लाख रुपये लेने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर नादौन थाना में बबिता और संबंधित कंपनी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
लोहारली निवासी मंजू देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2017 में नौकरी छोड़ने के बाद उसकी परिचित बबिता से फोन पर बातचीत होती रहती थी। फरवरी 2026 में बबिता ने उसे बताया कि वह ऑनलाइन काम कर रही है और इससे अच्छी आमदनी हो रही है।
उसने मंजू देवी को भी ऑनलाइन काम से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। शिकायत के अनुसार, इसके बाद कंपनी का लाइसेंस, ग्लोबल राइट, वर्चुअल ऑफिस और पेमेंट गेटवे आदि के लिए शुल्क जमा करवाने की बात कही गई।
27 जून से 6 जुलाई के बीच गूगल-पे के माध्यम से मंजू देवी से कुल 1.89 लाख रुपये लिए गए। बाद में उसे अंब बुलाया गया, जहां ऑनलाइन कक्षा लगवाने के साथ कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए गए।
दस्तावेज जमा होने के बाद बताया गया कि कंपनी का काम चेन पद्धति पर आधारित है और इसमें दो लोगों को जोड़ना होगा। मंजू देवी के अनुसार, उसे पहले इस शर्त की जानकारी नहीं दी गई थी।
काम छोड़कर पैसे वापस मांगने पर संबंधित कंपनी ने राशि लौटाने से इन्कार कर दिया। इसके बाद मंजू देवी ने पुलिस में शिकायत दी। नादौन पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोट
मामले में संबंधित कंपनी का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। किसी भी प्रकार के ऑनलाइन कार्य से पहले उसकी पूरी तरह जांच करें, ताकि किसी भी प्रकार की ठगी न हो।
-बलबीर, एसपी हमीरपुर