बड़सर (हमीरपुर)। नगर पंचायत बड़सर में गीले कचरे के प्रबंधन के लिए बाजार से नियमित उठान की व्यवस्था शुरू की जाएगी। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
पहले चरण में सब्जी विक्रेताओं, होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट से गीला कचरा एकत्र किया जाएगा। इसके बाद घरों से भी कचरा उठाने की व्यवस्था लागू करने की योजना है।
बाजार में सब्जियों के पत्ते, फलों के छिलके और बचा हुआ भोजन बड़ी मात्रा में निकलता है। समय पर उठान न होने से गंदगी और दुर्गंध फैलने की आशंका रहती है। नई व्यवस्था से नियमित कचरा संग्रह कर बाजार की सफाई बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।
नगर पंचायत ने लोगों को सार्वजनिक स्थलों पर खुले में कचरा न फेंकने की चेतावनी दी है। ऐसा करते हुए पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
कोट
गीले कचरे के उठान का टेंडर हो चुका है। शुरुआत बाजार से की जाएगी और अगले चरण में घरों को भी इस व्यवस्था से जोड़ा जाएगा। व्यापारियों से कचरा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार सौंपने व नगर पंचायत क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करने की अपील है।
-कमल नयन डोगरा सचिव, नगर पंचायत बड़सर