नादौन (हमीरपुर)। हर वर्ष बरसात में नादौन बाजार को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ता है, लेकिन इस बार प्रशासन ने स्थायी समाधान की दिशा में कदम बढ़ाने शुरू कर दिए हैं।
योजना के तहत केंद्रीय विद्यालय से ब्यास पुल तक सड़क किनारे नालियों का निर्माण किया जाएगा। साथ ही जिन दुकानदारों ने लोक निर्माण विभाग की अनुमति के बिना दुकानों के आगे सड़क तक कंक्रीट के स्लैब बनाए हैं, उन्हें हटाया जाएगा।
आवश्यकता वाले स्थानों पर पानी का रुख भी दूसरी ओर मोड़ा जाएगा, ताकि बरसाती पानी बाजार में प्रवेश न कर सके। शनिवार को एसडीएम निशांत शर्मा की अध्यक्षता में व्यापार मंडल, स्थानीय दुकानदारों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें हर वर्ष होने वाले जलभराव और व्यापारियों को होने वाले नुकसान पर विस्तार से चर्चा की गई।
एसडीएम ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय से ब्यास पुल तक नालियों का निर्माण कार्य जारी है। इसके पूरा होने के बाद दुकानदार विभाग से अनुमति लेकर नियमानुसार दुकानों के आगे लोहे के खुलने वाले जंगले लगा सकेंगे, जिन्हें इस तरह डिजाइन किया जाएगा कि नालियों में पानी का प्रवाह बाधित न हो।
उन्होंने बताया कि बाघनाला से बस अड्डा और अस्पताल मार्ग तक जल निकासी समस्या का भी संयुक्त टीम द्वारा निरीक्षण किया जाएगा और रिपोर्ट के आधार पर स्थायी समाधान के लिए कदम उठाए जाएंगे।
एसडीएम ने शहरवासियों और दुकानदारों से जनहित में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेंद्र जुबलानी, सहायक अभियंता पंकज कौशल, नगर परिषद के ईओ रमन कुमार, शम्मी सोनी तथा व्यापार मंडल अध्यक्ष त्रिभुवन सिंह सहित बड़ी संख्या में दुकानदार मौजूद रहे।