गर्मियों के मौसम में अपनी क्यारियों में सब्जियां उगाना महंगा साबित होगा। किचन गार्डन सींचते हुए पकड़े गए तो पेयजल कनेक्शन कट जाएगा। गर्मियों में पेयजल संकट से निपटने के लिए आईपीएच विभाग ने प्लान तैयार किया है। नलों से टुल्लू पंप या पाइप लगाने वाले उपभोक्ताओं का कनेक्शन भी काट दिया जाएगा।
अधीक्षण अभियंता ने फील्ड अधिकारियों का दिशा-निर्देशों को तत्काल प्रभाव से लागू करने के आदेश दिए हैं। गर्मियों में अधिकतर उपभोक्ता नलों के साथ टुल्लू पंप लगा देते हैं। इससे पाइप लाइनों के आखिरी कनेक्शनों तक पानी की सप्लाई नहीं पहुंच पाती है। इससे अधिकतर क्षेत्रों में पेयजल संकट रहता है।
पानी का दुरुपयोग पर कड़ी कार्रवाई करने के लिए अधीक्षण अभियंता ने संबंधित अधिकारियों को पेयजल कनेक्शनों का औचक निरीक्षण करने के आदेश दिए हैं। किचन गार्डन सींचते हुए, नल से टुल्लू पंप या पाइपें लगाने पर भी कार्रवाई के साथ लगातार दो बार पकड़े जाने पर उपभोक्ता का टुल्लू पंप या पाइप जब्त कर होंगे और 500 रुपये जुर्माना किया जाएगा।
तीसरी बार पकड़े गए तो स्थायी रूप से कनेक्शन काट दिया जाएगा। गर्मियों के मौसम के बाद ही नया पेयजल कनेक्शन जारी किया जाएगा।
गर्मियों में पेयजल संकट से निपटने को प्लान तैयार है। सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि गर्मियों में पेयजल का दुरुपयोग न करें। पानी का दुरुपयोग करने पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
नीरज भोगल, एक्सईएन, आईपीएच, हमीरपुर