ऊहल (हमीरपुर)। पंचायत लग कडियार में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। पंचायत के लग देवी सहित कई गांवों में लोगों को तीसरे से चौथे दिन पानी की सप्लाई मिल रही है। नियमित पेयजल व्यवस्था प्रभावित होने से ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अब पंचायत चुनाव नजदीक आते ही पेयजल संकट गांव का प्रमुख चुनावी मुद्दा बन गया है। स्थिति यह है कि कई परिवारों को खातरियों और प्राकृतिक जलस्रोतों से पानी भरकर घर तक पहुंचाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने साफ कहा है कि इस बार वोट उसी उम्मीदवार को दिया जाएगा, जो क्षेत्र में नियमित और पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने का भरोसा देगा। लोगों ने प्रशासन और जलशक्ति विभाग से जल्द प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि हर चुनाव में पेयजल समस्या के समाधान के बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही समस्या जस की तस बनी रहती है। कई बार जलशक्ति विभाग और जनप्रतिनिधियों के समक्ष यह मुद्दा उठाया गया, मगर अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार पंचायत में करीब 10 से 15 घर ऐसे हैं, जहां पानी की समस्या सबसे अधिक गंभीर बनी हुई है। गर्मियों के मौसम में हालात और खराब हो जाते हैं। महिलाओं और बुजुर्गों को पानी लाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है, जिससे परेशानी बढ़ गई है।
कोट
-पानी की समस्या गंभीर है। यहां पर नियमित रूप से पानी नहीं आता है। इस कारण खातरियों से पानी लाना पड़ता है। -बबलू, निवासी लडियार
-गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत बढ़ जाती है। कभी-कभी तो तीसरे से चौथे दिन पानी आता है। हर बार पंचायत चुनाव में समस्या उठाई जाती है, लेकिन हल नहीं होता है।-रोहित, निवासी लगदेवी
-गर्मियां शुरू हो गई हैं। अब पानी की समस्या विकराल रूप ले रही है। कई बार समस्या के समाधान के लिए विभागीय अधिकारियों से मांग की है। अभी तक समस्या का हल नहीं हुआ है। -रूप लाल, निवासी लगदेवी