हमीरपुर। जिले में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं। एचआरटीसी की ओर से करवाया गया इलेक्ट्रिक बस का ट्रायल सफल रहा। इलेक्ट्रिक बस को हमीरपुर से शाहतलाई सहित अन्य स्थानों पर भेजा गया।
करीब 180 किलोमीटर चलने के बाद भी बस में 20 प्रतिशत बैटरी शेष रही। इससे पहले भी दो बार ट्रायल किए जा चुके हैं। इलेक्ट्रिक बस के प्रदर्शन को लेकर कुछ तय मानक निर्धारित किए गए हैं।
बस के लगभग 180 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद कम से कम 20 प्रतिशत बैटरी बचना जरूरी माना गया है। एक ट्रायल में बस की बैटरी 18 प्रतिशत और दूसरे ट्रायल में 19 प्रतिशत शेष रही थी, जबकि तीसरा ट्रायल पूरी तरह सफल रहा। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से यात्रियों को बेहतर और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा मिलने की संभावना है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलेक्ट्रिक बसों के शुरू होने से यात्रियों को आरामदायक सफर मिलेगा और परिवहन व्यवस्था आधुनिक बनेगी।
वहीं, एचआरटीसी हमीरपुर डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक राहुल कुमार ने बताया कि इलेक्ट्रिक बस का ट्रायल सफल रहा है। संवाद